राजगढ़ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को हुई समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कामकाज में तेजी लाने पर जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने की, जबकि कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में अधिकारियों को पुराने और महत्वपूर्ण अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही न बरतने का सख्त संदेश दिया गया। निर्देश दिए गए कि सभी दस्तावेजों का डिजिटलीकरण कर उन्हें ई-ऑफिस या किसी अन्य सुरक्षित माध्यम में संरक्षित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तुरंत उपलब्ध हो सकें। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण को लेकर भी सख्ती बरती गई। विशेष रूप से बॉटम-5 में शामिल विभागों को अपनी रैंकिंग सुधारने के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय की गई। लंबित आवेदनों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, 14 अप्रैल को आयोजित होने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि हितग्राहियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। इस बैठक में अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
